योगी के मंत्री नंदी के बेटे-बहू के साथ भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराने के बाद मर्सिडीज का इंजन छिटककर दूर गिरा

यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी के बेटे अभिषेक और बहू कृष्णिका के साथ भीषण हादसा हुआ है। आगरा से लखनऊ लौटते समय एक्सप्रेसवे पर उनकी मर्सिडीज डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मर्सिडीज का इंजन छिटककर दूर जा गिरा। दोनों को गंभीर हालत में पहले मेडिकल कॉलेज फिर लखनऊ रेफर किया गया है। मौके पर आला अधिकारी भी पहुंचे हैं। इसी महीने 11 जुलाई को अभिषेक और कृष्णिका की शादी हुई थी।

बताया जाता है कि अभिषेक और कृष्णिका अपनी मर्सिडीज कार से आगरा से लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान कन्नौज के तिर्वा कट के पास अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का इंजन छिटककर दूर जा गिरा। आसपास के लोगों ने गाड़ी के अंदर से दोनों को बाहर निकाला और पुलिस के साथ एंबुलेंस को सूचना दी।

पुलिस प्रशासन को जैसे ही पता चला कि दोनों कैबिनेट मंत्री के बेटे और बहू हैं तो वह भी फास्ट हो गए। तत्काल दोनों को पास के मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। गाड़ी कौन चला रहा था और दोनों के अलावा कोई अन्य था या नहीं, इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार बहुत तेज थी। बारिश के कारण सड़क पर पानी भी था। माना जा रहा है कि रफ्तार के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *