योगी हैं तो यकीन है; अकबर नगर जैसे हश्र से डरे लखनऊ वालों ने बुलडोजर पर ब्रेक के बाद दिया नारा

योगी हैं तो यकीन है। ये नारा लगा है लखनऊ में और लगाया है कुकरैल नदी के पास बसी कॉलोनियों में रह रहे लोगों ने जो मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने गए थे। कुकरैल नदी की जमीन पर अवैध रूप से बसे अकबर नगर के मटियामेट होने के बाद पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर, अबरार नगर, खुर्रम नगर जैसे इलाकों में बसे लोग बुलडोजर एक्शन के लिए घरों पर लाल निशान लगाने के बाद से खौफ में थे। योगी ने इन कॉलोनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात में कहा कि निश्चिंत रहें और खुश होकर घर जाएं। इसके बाद कॉलोनी में पटाखे जलाए गए, मिठाइयां बांटी गई और योगी के समर्थन में नारेबाजी हुई है। सीएम योगी ने कॉलोनियों में लाल निशान लगाने वालों की जवाबदेही तय करने का आदेश भी दिया है।

अकबर नगर के लोग ध्वस्तीकरण के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट गए थे लेकिन राहत नहीं मिली। जून में यहां सारे अवैध मकान गिरा दिए गए थे। मलबों के ढेर में अकबर नगर बदला तो कुकरैल किनारे बसे दूसरी कॉलोनी के लोग भी दहशत में आ गए। गाढ़ी कमाई से बने घर के टूटने की आशंका से डरे लोगों की नींद तब हराम हो गई जब लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने पंतनगर, इंद्रप्रस्थ नगर, खुर्रम नगर, अबरार नगर और रहीम नगर में भी सर्वे कर मकानों को तोड़ने के लिए लाल निशान लगाना शुरू कर दिया। जवाब में लोगों ने एलडीए के नोटिस के बगल में रजिस्ट्री की कॉपी चिपकाकर विरोध जताया और पूछा कि अगर ये घर अवैध हैं तो फिर वैध क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *